भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/ पानीपत/ फरीदाबाद/ राजधानी हरियाणा / यमुनानगरजेजेपी और आप गठबंधन ने हरियाणा की 3 और लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आप के हरियाणा प्रमुख नवीन जयहिंद फरीदाबाद से लड़ेंगे। वहीं पूर्व डीजीपी पृथ्वीराज को अम्बाला सुरक्षित सीट से और पानीपत निवासी एडवोकेट कृष्ण कुमार अग्रवाल को करनाल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। दरअसल हरियाणा में जजपा 7 और आप 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अपनी 7 में से 4 सीटों हिसार, भवानी-महेंद्रगढ़, सिरसा और रोहतक में उम्मीदवारों की घोषणा जजपा पहले ही कर चुकी है। जजपा अपने हिस्से की तीन सीटों सोनीपत, कुरुक्षेत्र और गुड़गांव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों का इंतजार कर रही है। दिल्ली के सीएम केजरीवाल हरियाणा में दो रोड शो और दो रैलियां करेंगे।
Source: Dainik Bhaskar April 22, 2019 01:41 UTC